Pappu Yadav Cash Viral Video: बिहार में बाढ़ की मार झेल रहे हजारों परिवारों के बीच मदद पहुंचाने के लिए पूर्णिया सांसद पप्पू यादव सक्रिय रूप से मैदान में उतरे। रक्षा बंधन के दिन वे दिल्ली से सीधे रूपौली प्रखंड के बाढ़ प्रभावित गांवों में पहुंचे और लोगों को राहत सामग्री के साथ नकद मदद भी दी। लेकिन उनके नकद वितरण के तरीके पर अब सियासी घमासान छिड़ गया है।
रुपये बांटने के तरीके पर विपक्ष का हमला
आंध्र प्रदेश बीजेपी के प्रदेश उपाध्यक्ष विष्णु वर्धन रेड्डी ने सोशल मीडिया पर पप्पू यादव का एक वीडियो साझा कर उन पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “पूर्णिया सांसद बाढ़ पीड़ितों के बीच पैसों के बंडल ऐसे उड़ा रहे हैं, जैसे यह उनका निजी साम्राज्य हो। क्या यह आपदा राहत है या प्रचार का सस्ता हथकंडा?” रेड्डी ने यह भी पूछा कि आखिर यह पैसा कहां से आया और किसकी मेहनत की कमाई का दिखावा किया जा रहा है।
नाव और बाइक से पहुंचे दूरदराज के गांव
पप्पू यादव ने नाव और मोटरसाइकिल के सहारे रूपौली प्रखंड के सबसे प्रभावित और दुर्गम इलाकों का दौरा किया। कीचड़ भरी गलियों और नदी पार करने के बाद उन्होंने सैकड़ों बाढ़ पीड़ित परिवारों तक अनाज, आवश्यक खाद्य सामग्री और नकद राशि पहुंचाई। उनका कहना था कि नकद मदद से लोग तुरंत अपनी प्राथमिक जरूरतें पूरी कर सकेंगे।
“संकट में इंसानियत सबसे बड़ी राजनीति”
बाढ़ पीड़ितों के बीच बैठकर ‘मूढ़ी-सब्जी’ खाते हुए पप्पू यादव ने कहा, “यह सिर्फ मदद नहीं, बल्कि अपनेपन का संदेश है। हम सभी एक परिवार हैं और संकट की घड़ी में हमें एक-दूसरे का सहारा बनना चाहिए।” उन्होंने दावा किया कि जब तक हालात सामान्य नहीं हो जाते, वे लगातार प्रभावित इलाकों का दौरा करते रहेंगे।
प्रशासन पर राहत में सुस्ती का आरोप
Pappu Yadav Cash Viral Video सांसद ने आठ पंचायतों के बाढ़ प्रभावित इलाकों का निरीक्षण करते हुए प्रशासन पर राहत कार्य में सुस्ती का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि हजारों घरों में पानी घुस चुका है, लोग खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं, पीने के पानी और भोजन की किल्लत है, और बच्चों व बुजुर्गों की हालत चिंताजनक है। पप्पू यादव ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से तत्काल राहत सामग्री पहुंचाने के निर्देश दिए।
त्योहार को बनाया मदद का अवसर
रक्षा बंधन के दिन बाढ़ पीड़ितों के बीच समय बिताने पर उन्होंने कहा कि असली त्योहार वही है, जब खुशियां जरूरतमंदों के साथ बांटी जाएं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य सिर्फ हालात देखने का नहीं, बल्कि सीधे मदद करने का है।
In flood-hit Bihar, Purnea MP Pappu Yadav is throwing around bundles of cash as if it’s his personal kingdom.
Is this disaster relief or a cheap stunt for publicity?
And more importantly – whose hard-earned money is he flaunting? pic.twitter.com/Mpe9vEU5PK
— Vishnu Vardhan Reddy (@SVishnuReddy) August 11, 2025