प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 10 अगस्त को भारतीय रेलवे को एक और बड़ी सौगात देने जा रहे हैं। इस दिन वह देशवासियों को एक साथ तीन नई वंदे भारत ट्रेनों का तोहफा देंगे। इन ट्रेनों में केएसआर बेंगलुरु-बेलगावि वंदे भारत एक्सप्रेस, श्रीमाता वैष्णो देवी कटड़ा–अमृतसर वंदे भारत एक्सप्रेस और नागपुर (अजनी)–पुणे वंदे भारत एक्सप्रेस शामिल हैं। इन हाई-स्पीड और अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस ट्रेनों को प्रधानमंत्री हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे, जिससे यात्रियों को तेज, सुरक्षित और आरामदायक सफर का अनुभव मिलेगा।
इन नई वंदे भारत ट्रेनों की शुरुआत से कर्नाटक, महाराष्ट्र, पंजाब और जम्मू-कश्मीर में पर्यटन को बड़ा बढ़ावा मिलेगा। तेज रफ्तार और आरामदायक यात्रा सुविधाओं के कारण इन राज्यों में आने-जाने वाले यात्रियों की संख्या में इजाफा होगा, जिससे स्थानीय व्यवसाय, होटल उद्योग और परिवहन सेवाओं को सीधा लाभ पहुंचेगा। इसके साथ ही व्यापारिक और आर्थिक गतिविधियों में भी तेजी आएगी, जो क्षेत्रीय विकास को नई दिशा देगी।
इन तीन नई वंदे भारत ट्रेनों के जुड़ने के बाद देश में वंदे भारत नेटवर्क और मजबूत हो जाएगा। कर्नाटक में अब कुल 11 वंदे भारत ट्रेनें (22 सेवाएं) चलेंगी, जबकि जम्मू-कश्मीर और पंजाब में इनकी संख्या बढ़कर 5-5 ट्रेनें (10-10 सेवाएं) हो जाएगी। फिलहाल देशभर में 144 वंदे भारत ट्रेन सेवाएं संचालित हो रही हैं और नई सेवाओं के साथ यह आंकड़ा 150 तक पहुंच जाएगा, जिससे यात्रियों के लिए तेज, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा के विकल्प और बढ़ जाएंगे। अब तक 6.3 करोड़ से अधिक लोग वंदे भारत ट्रेनों से यात्रा कर चुके हैं।
Read More : अखल कुलगाम में आतंकी मुठभेड़ जारी, एक दहशतगर्द ढेर, दो जवान शहीद और 10 घायल
नई ट्रेनों और उनके प्रमुख ठहरावः
केएसआर बेंगलुरु-बेलगावि वंदे भारत एक्सप्रेस
प्रमुख ठहराव: धारवाड़, हुब्बलि, हावेरी, दावणगेरे, तुमकूर और यशवंतपुर
नागपुर (अजनी)–पुणे वंदे भारत एक्सप्रेस
प्रमुख ठहराव: वर्धा, बडनेरा, शेगांव, अकोला, भुसावल, जलगांव, मनमाड़, कोपरगांव, अहिल्यानगर, दौंड कॉर्ड लाइन
महाराष्ट्र में नागपुर (अजनी)–पुणे वंदे भारत ट्रेन सेवा के शुरू होने से राज्य में वंदे भारत ट्रेनों की संख्या 12 (24 सेवाएं ) हो जाएंगी।
श्रीमाता वैष्णो देवी कटड़ा–अमृतसर वंदे भारत एक्सप्रेस
प्रमुख ठहराव: जम्मू तवी, पठानकोट कैंट, जालंधर शहर और ब्यास।
वंदे भारत में यात्रियों के लिए लग्जरी सुविधाएं
New Vande Bharat Trains 2025 सेमी-हाईस्पीड वंदे भारत एक्सप्रेस पूरी तरह से भारत में निर्मित अत्याधुनिक ट्रेन है, जिसमें सुरक्षा के लिए ‘कवच’ तकनीक लगाई गई है। यह सिस्टम ट्रेन संचालन के दौरान टक्कर की संभावना को कम करता है और यात्रियों को अधिक सुरक्षित एवं भरोसेमंद यात्रा अनुभव प्रदान करता है।
वंदे भारत एक्सप्रेस में यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए फोल्डेबल स्नैक्स टेबल, मोबाइल चार्जिंग पोर्ट, आरामदायक सीटें, आधुनिक टॉयलेट और इंफोटेनमेंट सिस्टम जैसी प्रीमियम सुविधाएं दी गई हैं। हर कोच में GPS आधारित रियल-टाइम ट्रैकिंग सिस्टम मौजूद है, जो यात्रियों को स्टेशन, ट्रेन की स्पीड और लोकेशन की सटीक जानकारी लगातार उपलब्ध कराता है।