सारंगढ़-बिलाईगढ़। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान और साहित्य के प्रति विशेष लगाव के लिए शासकीय प्राथमिक शाला खिचरी की प्रख्यात शिक्षिका सुनीता यादव को वर्ष 2025 का पं. मुकुटधर पांडे राज्य अलंकरण पुरस्कार प्रदान किया गया। राजधानी रायपुर में आयोजित भव्य शिक्षक सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने उन्हें यह सम्मान भेंट कर गौरवान्वित किया।
Read More : Donald Trump on PM Modi: भारत को लेकर अचानक बदला ट्रंप का मिजाज, कहा- ‘मोदी शानदार PM हैं’
सारंगढ़- बिलाईगढ़ जिले की पहली शिक्षिका के रूप में यह उपलब्धि हासिल करने वाली सुनीता यादव ने अपने शिक्षण कार्य से अनगिनत विद्यार्थियों के जीवन को दिशा दी है। उन्होंने हमेशा नवाचारपूर्ण शिक्षण पद्धति अपनाते हुए छात्रों को न केवल शिक्षा बल्कि संस्कार भी प्रदान किए। उनकी मेहनत और लगन से कई छात्र-छात्राओं ने शिक्षा व प्रतियोगी परीक्षाओं में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है।
सुनीता यादव ने साहित्य और शिक्षा के संगम को नई पहचान दिलाई है। वे विद्यार्थियों को पठन-पाठन के साथ-साथ लेखन और रचनात्मक गतिविधियों में भी प्रोत्साहित करती रही हैं। उनका मानना है कि शिक्षा तभी पूर्ण है जब उसमें जीवन मूल्यों और साहित्यिक चेतना का समावेश हो। सम्मान मिलने पर उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार केवल उनका नहीं बल्कि उन सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों और सहकर्मी शिक्षकों का है जिन्होंने उन्हें निरंतर सहयोग और प्रेरणा दी।