रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां शहर के बैरन बाजार स्थित महिला थाना परिसर में एक महिला ने खुद को आग के हवाले कर लिया। जानकारी के अनुसार महिला काउंसलिंग के लिए थाने आई थी और अपने साथ ज्वलनशील पदार्थ और केमिकल लेकर पहुंची थी।
थाना परिसर में अचानक महिला ने खुद पर आग लगा ली और चीखते-चिल्लाते हुए दौड़ पड़ी। वहां मौजूद लोग तुरंत उसकी ओर दौड़े और आग बुझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक महिला गंभीर रूप से झुलस चुकी थी।
घटना की पुष्टि पुलिस ने की है। घायल महिला को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। फिलहाल उसकी पहचान और आग लगाने के पीछे की वजह का पता लगाया जा रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, महिला का नाम वर्षा गोस्वामी बताया जा रहा है। उसका अपने पति के साथ विवाद चल रहा था, जिसके काउंसलिंंग के लिए ही महिला थाने पहुंची थी। लेकिन अचानक से महिला ने खुद को आग के हवाले किया और थाने की ओर दौड़ गई। मामले में लगातार अपडेट जारी है।
पति से हमेशा होती थी लड़ाई
पीड़िता वर्षा की 2022 में रायपुर के ही कैलाशपुरी निवासी शिवम गोस्वामी नाम के युवक के साथ शादी हुई थी। पीड़िता की दो बेटियां भी हैं। दोनों पति-पत्नी में आए दिन झगड़ा होते रहता था। आग की चपेट में आने से महिला 50 प्रतिशत झुलस गई है, जिसका इलाज जारी है।