FIR Against Shoaib Son of Anwar Dhebar : अनवर ढेबर के बेटे शोएब पर FIR, बिना अनुमति जेल में घुसा, 3 महीने मुलाकात पर रोक

CG Express
FIR against Shoaib Son of Anwar Dhebar

FIR against Shoaib Son of Anwar Dhebar : रायपुर। छत्तीसगढ़ शराब घोटाला मामले में जेल में बंद अनवर ढेबर के बेटे शोएब ढेबर की मुश्किलें बढ़ गई हैं। 6 अगस्त 2025 को रायपुर सेंट्रल जेल में शोएब ढेबर ने बिना अनुमति मुलाकात कक्ष में जबरदस्ती प्रवेश किया, जिसके चलते जेल प्रशासन ने उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की।

जेल अधीक्षक ने शोएब पर 3 महीने के लिए किसी भी मुलाकात पर प्रतिबंध लगा दिया और गंज थाने में उनके खिलाफ FIR दर्ज की गई। इस घटना ने जेल सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक नियमों के उल्लंघन का गंभीर मामला सामने लाया है।

ये है पूरा मामला

6 अगस्त 2025 को शोएब ढेबर ने अधिवक्ता मुलाकात के समय जेल अधिकारियों की रोक के बावजूद मुलाकात कक्ष में जबरदस्ती प्रवेश किया। जेल अधीक्षक के आदेश के अनुसार, शोएब ने जेल नियमावली के नियम 690 का उल्लंघन किया, जिसके तहत उनकी इस हरकत ने न केवल सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावित किया, बल्कि जेल संचालन में भी बाधा उत्पन्न की। जेल प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शोएब ढेबर को 3 महीने के लिए सभी प्रकार की मुलाकात से प्रतिबंधित कर दिया। इसके बाद गंज पुलिस स्टेशन में उनके खिलाफ FIR दर्ज की गई।

Read More : Devendra Fadnavis On Rahul Gandhi: ‘राहुल गांधी के दिमाग में गड़बड़ी..! कांग्रेस नेता ने चुनावी प्रक्रिया पर उठाए सवाल तो भड़के फडणवीस

शोएब ढेबर के पुराने विवाद

शोएब ढेबर पहले भी कई विवादों में शामिल रहे हैं, जो उनकी छवि को और विवादास्पद बनाते हैं। निम्नलिखित कुछ प्रमुख घटनाएं हैं:

साइबर स्टॉकिंग मामला (28 मई 2024): रायपुर में शोएब ढेबर पर एक युवती के खिलाफ साइबर स्टॉकिंग का आरोप लगा था। इस मामले में शोएब के पिता अनवर ढेबर को भी सह-आरोपी बनाया गया था। शोएब ने बाद में कोर्ट में आत्मसमर्पण किया।

जूक क्लब मारपीट (सितंबर 2024): रायपुर के जूक क्लब में शोएब ढेबर ने एक व्यापारी के साथ पार्किंग विवाद में मारपीट की थी। गाड़ी रिवर्स करने को लेकर हुए झगड़े में शोएब ने व्यापारी को थप्पड़ मारा। तेलीबांधा पुलिस ने FIR दर्ज कर शोएब को गिरफ्तार किया।

IP क्लब फायरिंग (2021): चार साल पहले रायपुर के IP क्लब में शोएब ढेबर और उनके साथियों ने कुछ युवकों के साथ मारपीट और फायरिंग की थी। मंदिर हसौद थाने में शिकायत के बाद शोएब पर FIR दर्ज हुई और उनकी गिरफ्तारी हुई।

कोविड नियम उल्लंघन (2021): कोविड-19 के दौरान शोएब ढेबर बिना मास्क के घूम रहे थे। जब पुलिस ने उन्हें रोका, तो उन्होंने आरक्षक से बहस की। इसका वीडियो वायरल होने के बाद उनकी गाड़ी का चालान काटा गया।

बता दें कि, शोएब ढेबर के पिता अनवर ढेबर छत्तीसगढ़ शराब घोटाला मामले में मुख्य आरोपी हैं। 2019 से 2022 के बीच हुए इस 2,161 करोड़ रुपये के घोटाले में नकली होलोग्राम का इस्तेमाल कर अवैध शराब बेची गई थी। प्रवर्तन निदेशालय (ED) और आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने अनवर ढेबर, अनिल टुटेजा और एपी त्रिपाठी को इस सिंडिकेट का मास्टरमाइंड बताया है।

 

Share This Article